जबलपुर । जबलपुर रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) की 154वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने की। बैठक के प्रारंभ में अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार ने सभी सदस्यों का स्वागत किया ।
मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने अपने संबोधन में मंडल में उपलब्ध कराई जा रही यात्री सुविधाओं तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
इसके उपरांत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों एवं यात्रियों को प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं का विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया तथा यात्री सुविधाओं के सतत विकास हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में डीआरयूसीसी के कुल 09 सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें सतना से सोमचंद्र ताम्रकार, शुभम त्रिपाठी, केशव बंसल एवं विक्रम सिंह विसेन, कटनी से पवन मित्तल, रीवा से कन्हैया लाल घंशानी, दमोह से सुधीर असाटी, सागर से मोहम्मद इरशाद एवं मैहर से सत्यभान सिंह शामिल थे।
बैठक के दौरान सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित यात्री सुविधाओं के विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। इनमें प्रमुख रूप से ट्रेनों के समय में परिवर्तन, स्टॉपेज बढ़ाने, कोचों की संख्या में वृद्धि, ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, नई ट्रेनों का संचालन, एबीएसएस, आरओबी एवं आरयूबी से संबंधित कार्यों में तेजी लाने, स्टेशनों पर साफ-सफाई में सुधार तथा बड़े स्टेशनों के साथ-साथ छोटे स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े सुझाव शामिल रहे।
बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, शशांक गुप्ता के साथ ही राम बदन मिश्रा वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) स्वप्निल पाटिल वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग) सर्वेश ठाकुर वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सहित विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा द्वारा आभार व्यक्त किया गया।