जबलपुर। ग्रीष्मकालीन अवधि में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ एवं आरक्षित यात्रियों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए जबलपुर रेल मंडल द्वारा गत दिवस जबलपुर–सतना रेल खंड में ट्रेन संख्या 12141/11060 में विशेष मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
यह अभियान रेलवे मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश सागर के नेतृत्व में चल टिकट निरीक्षक (सीटीआई), टिकट चेकिंग स्टाफ, आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम द्वारा गहन जांच की गई।
जांच के दौरान कुल 156 बिना टिकट यात्रियों एवं लगभग 400 अनियमित यात्रियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से कुल 3 लाख 61 हजार 785 रुपए का राजस्व अर्जित किया गया।
अभियान में शामिल टीम ने न केवल नियम उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की, बल्कि यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने एवं रेलवे नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया।
गर्मियों के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण कई बार बिना टिकट अथवा अनियमित यात्री आरक्षित कोचों में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे पहले से आरक्षण कराए हुए यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान हेतु अभियान के दौरान विशेष रूप से आरक्षित कोचों में जांच पर बल दिया गया।