ग्वालियर। ग्वालियर से भिंड होते हुए इटावा तक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-719 (NH-719) की स्थिति को लेकर इंडियन पीपुल्स अधिकार पार्टी ने सरकार से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पुरुषोत्तम तिवारी ने मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए इसे चौड़ा कर छह लेन में विकसित करने का आग्रह किया है।
डॉ. तिवारी ने कहा कि मार्ग की सीमित चौड़ाई, कई हिस्सों में दो लेन की संरचना, भारी वाहनों का दबाव और पर्याप्त सुरक्षा प्रबंधों के अभाव के कारण दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले सात वर्षों में केवल भिंड जिले में ही 1,400 से अधिक लोगों की मौत सड़क हादसों में हो चुकी है।
पार्टी के अनुसार वर्ष 2025 के पहले 11 महीनों में इस क्षेत्र में 670 से अधिक दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 241 लोगों की जान गई, जबकि पिछले तीन वर्षों में 2,014 हादसों में 611 लोगों की मौत दर्ज की गई। इन आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
डॉ. तिवारी ने कहा कि प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग को अब तक दो लेन में सीमित रखना चिंता का विषय है। उन्होंने सड़क परिवहन मंत्रालय, मध्यप्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से स्थिति की समीक्षा कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
रखी गई प्रमुख मांगें …
पार्टी ने मार्ग के उन्नयन के लिए कई सुझाव दिए हैं—
NH-719 को छह लेन में विकसित किया जाए
डिवाइडर और सर्विस रोड का निर्माण हो
दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स को सुधारा जाए
गति नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए
डॉ. तिवारी ने कहा कि यदि इस दिशा में शीघ्र कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी जन आंदोलन पर विचार करेगी।