अंग्रेजी के पर्चे के साथ 12 वीं बोर्ड परीक्षा प्रारंभ, हाईस्कूल 10वीं की परीक्षा कल से, पहले दिन नहीं बना कोई नकल प्रकरण


जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) बोर्ड परीक्षाएं सोमवार 10 फरवरी से अंग्रेजी के पर्चे के साथ प्रारंभ हो गई, वहीं कक्षा 10वीं हाईस्कूल परीक्षा 13 फरवरी से प्रारंभ हो रही है|
जिले में परीक्षाओं के लिए 100 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जिनमें से 96 शासकीय स्कूल एवं 4 निजी स्कूल शामिल रहे। वहीं 4 परीक्षा केंद्र संवेदनशील लिस्ट में शामिल हैं। जिले भर में 18 हजार 640 विद्यार्थियों ने अपना पहला पेपर अलग-अलग केंद्रो में दिया।
परीक्षा के हर प्रश्न पत्र प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रातः 8 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य है तथा निर्धारित समय से 15 मिनट पूर्व के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले दिन अंग्रेजी के पेपर में कही भी कोई नकल प्रकरण नहीं बना| उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाकाल के दौरान यदि शासन द्वारा कोई सार्वजनिक अथवा स्थानीय अवकाश घोषित किया जाता है, तब भी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न होंगी।

संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी…….

नकल रोकने के लिए तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और इनकी निगरानी सीधे भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से की जाएगी। प्रश्नपत्र थानों से निकालने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है तथा सुरक्षा गार्ड्स की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।

हर केन्द्र पर पुलिस का पहरा….

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा चयनित केंद्रों की निगरानी भोपाल से सीधे की जाएगी। औचक निरीक्षण के लिए उड़नदस्ते भी सक्रिय रहेंगे।

हर छात्र तक पहुंचे टाइमटेबल………..

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों को संशोधित टाइमटेबल की जानकारी छात्रों व अभिभावकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। नोटिस बोर्ड, प्रार्थना सभा और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना साझा कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोई भी छात्र पुरानी जानकारी के कारण परीक्षा से वंचित न रह जाए।
गौरतलब है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कुछ समय पहले संशोधित टाइम टेबल भी जारी किया था। ऐसे में छात्र को भ्रम न रहे, इसके लिए हर स्कूल में विद्यार्थियों तक यह टाइम टेबल पहुंचाने के निर्देश भी दिए थे।