कटनी, मंडला, सिवनी नरसिंहपुर मिलाकर जबलपुर मेट्रोपॉलिटन रीजन बनाया जाए


जबलपुर। विगत दिवस प्रदेश शासन द्वारा जबलपुर को भी मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र बनाने हेतु चर्चा की गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा बताया गया कि जबलपुर को भी मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र बनाया जाएगा। फेडेरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष एवं जबलपुर संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने बताया कि वर्ष 2047 की विजन एवं परिकल्पना को ध्यान में रखते हुए यह आवश्यक है कि जबलपुर को भी मेट्रोपॉलिटन रीजन के तौर पर विकसित किया जाए।

समिति ने उठाई थी मांग…………

उन्होंने बताया कि गत मई माह में जबलपुर संघर्ष समिति ने इस हेतु प्रस्ताव पारित का प्रदेश शासन से आग्रह किया था। हिमांशु खरे ने बताया कि जबलपुर क्षेत्र की आबादी तेजी से बढ़ रही है, संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है तथा समग्र समुचित विकास का आभाव भी देखने में आ रहा है। इस हेतु सुझाव प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रेषित किया है जिसमें जबलपुर, कटनी, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर आदि जिलों की तहसीलों को मिलाकर जबलपुर मेट्रोपॉलिटन रीजन बनाया जाए।
हिमांशु खरे ने बताया कि मध्यप्रदेश महानगर क्षेत्र नियोजन एवं विकास अधिनियम 2025 के अंतर्गत, वृहद स्तर पर इस सकारात्मक सोच को परिणाम तक पहुंचाया जा सकता है जिसमें नई सैटलाइट टाउनशिप, ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट्स, रिन्यूएबल एनर्जी पार्क, नवीन औद्योगिक क्लस्टर, एजुकेशन जोन, मेडिसिटी आदि योजनाओं को समाहित कर एक मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र विकसित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा की चूंकि इंदौर तथा भोपाल विकसित हैं एवं जबलपुर विकासशील है अतः यह महत्वपूर्ण हो जाता है कि विकासशील क्षेत्र को विकसित किया जाए जिससे महाकौशल क्षेत्र को यह लाभ प्राप्त हो सके।

बुनियादी ढांचे और स्मार्ट सिटी विकास…..

समिति के बलदीप मैनी, मनु शरत तिवारी, सोहन परोहा, सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रयास से नए उद्योगों और निवेशकों को आकर्षित करने का अवसर मिलेगा। नई टाउनशिप, लॉजिस्टिक पार्क, सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्वच्छता, सीवरेज, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।

पर्यावरण और जल संरक्षण……..

जबलपुर संघर्ष समिति के जितेन्द्र पचौरी, दीपक सेठी, प्रीति चौधरी, आई के खन्ना, मुनींद्र मिश्रा के अनुसार इस योजना से पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए हरे क्षेत्रों और जल स्रोतों को संरक्षित किया जाएगा। झीलों, तालाबों और छोटे नदियों को भी संरक्षित किया जाएगा। जबलपुर क्षेत्र के समग्र विकास की परिकल्पना की पूर्ति मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र बनने से कुछ हद तक पूर्ण होगी।