जबलपुर। कार्तिक पूर्णिमा 5 नवंबर बुधवार को निकाली जाने वाली पंचकोषी परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा यातायात की व्यवस्था को लेकर जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने अधिकारियों और आयोजकों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया|
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए| इस अवसर पर परिक्रमा के संयोजक डॉ सुधीर अग्रवाल ने परिक्रमा मार्ग और आयोजनों की विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारीद्वय ने भेडाघाट, लम्हेटा घाट में पंचकोषी यात्रा मार्ग का जायजा लेते हुये की गयी व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को व्यवस्थाओं के सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री अंजना तिवारी, संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक गढा आशीष जैन, उप पुलिस अधीक्षक यातायात बैजनाथ प्रजापति , थाना प्रभारी भेडाघाट कमलेश चौरिया, थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
यहां उल्लेखनीय है कि 5 नवंबर बुधवार को हरे कृष्णा आश्रम भेड़ाघाट से प्रातः 4 बजे प्रारम्भ होकर बेनगंगा पुल, चौसठ योगिनी मंदिर, धुआंधार, कल्याणिका तपोवन, पशुपतिनाथ मंदिर, गोपालपुर, प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर, तिलमांडेश्वर मंदिर, लम्हेटाघाट से नाव द्वारा लम्हेटी, इमलिया, डुडवारा, ग्वारी, ललपुर, सिद्धन माता के आश्रम होकर नाव से पार कर सरस्वती घाट हरे कृष्णा आश्रम में समाप्त होगी।