स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़, बस का पहिया निकलकर 100 मीटर दूर जा गिरा


जबलपुर। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र रानीताल में शुक्रवार की सुबह एक गंभीर हादसा टल गया| लिटिल किंगडम स्कूल की एक बस का पिछला चक्का अचानक निकलकर 100 मीटर दूर जा गिरा| बस में 20 से अधिक बच्चे व शिक्षक सवार थे| यह सौभाग्य था कि कोई हताहत नहीं हुआ और बड़ी घटना टल गई, लेकिन इस घटना में गम्भीर चूक और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए| दरअसल घटना दुर्घटना के बाद प्रशासन एक्शन में आता है| बाद में सबकुछ ठंडे बस्ते में चला जाता है| एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रवक्ता विराज यादव ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि यह घटना बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रशासन और स्कूल प्रबंधन की भारी लापरवाही को उजागर करती है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रवक्ता विराज यादव ने इस घटना पर जबलपुर कलेक्टर एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को लिखित शिकायत देते हुए मांग की है कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की जान के साथ ऐसा खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यादव ने याद दिलाया कि कुछ दिन पूर्व भोपाल में सेम ग्लोबल यूनिवर्सिटी की बस का पहिया चलते समय निकल कर कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए थे, लेकिन उस हादसे के बाद प्रशासन सोया रहा। यह उदासीनता हादसों को बढ़ावा दे रही है, जिसे जबलपुर में दोहराया नहीं जाना चाहिए।
एनएसयूआई ने प्रशाशन से मांग की है कि
जबलपुर जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बसों की तकनीकी जांच तत्काल कराई जाए। जिन बसों को फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं मिला या जिन्हें अनफिट पाया गया, उनका परमिट निरस्त किया जाए। दोषी स्कूल प्रशासन, बस संचालक और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई हो| सार्वजनिक निगरानी अभियान चलाकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।