जबलपुर। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में मंगलवार को मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य अभियन्ता कार्यालय में बिजली संबंधी विभिन्न समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। मुख्य अभियन्ता केएल वर्मा व विद्युत नियामक आयोग के सदस्य व संभाग उपाध्यक्ष दामोदर सिंह पटेल की अध्यक्षता में हुई|
इस बैठक में समय पर ट्रांसफार्मर बदलने, सुधार, लाईनों के मेंटेनेंस, ट्रिपिंग, सोलर कृषि पंप योजना आदि पर चर्चा की गई। अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने ठंड के समय किसानों को दिन में एक साथ 10 घंटे बिजली देने की मांग रखी।
श्री पटेल की मांग पर मुख्य अभियन्ता के एल वर्मा ने इसका प्रस्ताव शीघ्र ही राज्य शासन को स्वीकृति के लिए भेजने की बात कही।
सिवनी से आए किसान संघ के जिलाध्यक्ष ज्वाला सिंह बघेल ने किसानों के बिल बढ़कर आने की बात को रखते हुए कहा कि अनेक किसानों के द्वारा बताया जा रहा है कि 3 एचपी कृषि पंप कनेक्शन में 5 एचपी के बढ़े हुए बिजली के बिल भेजे जा रहे हैं जिससे किसान परेशान है।
मुख्य अभियन्ता श्री वर्मा ने जांच कराने की बात कहकर समस्या का समाधान किया। नरसिंहपुर के जिला मंत्री अभिषेक पटेल ने गन्ना किसानों व गन्ना गुण इकाइयों को 24 घंटे बिजली देने की मांग की और ट्रिपिंग व कम वोल्टेज की किसानों की समस्या से मुख्य अभियन्ता को अवगत कराया।
जबलपुर जिले के अध्यक्ष रामदास पटेल व जिला मंत्री धनंजय पटेल ने इलेवन केवी की खंभे झुकने, बिजली तार झूलने की शिकायत को रखा जिसे उपस्थित अधिकारियों ने शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया।
संभागीय उपाध्यक्ष दामोदर सिंह पटेल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों का किसानों को सहयोग करने के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों में अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल, प्रांत संगठन मंत्री तुलाराम, प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, प्रांत कार्यालय मंत्री आलोक पटेल, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य पुखराज सिंह चंदेल, संभाग अध्यक्ष अनुरुद्ध सिंह पटेल, संभागीय संगठन मंत्री पूरन लाल शर्मा, संभाग उपाध्यक्ष दामोदर सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष रामदास पटेल, जिला मंत्री धनंजय पटेल, जिला सह मंत्री सुनील पटेल, जिला मंत्री नरसिंहपुर अभिषेक पटेल, जिलाध्यक्ष सिवनी ज्वाला सिंह, जिला मंत्री महत लाल बिसेन, विद्युत विभाग के प्रमुख अधिकारियों में अधीक्षण अभियंता नीरज कूचिया, कार्यपालन अभियंता जबलपुर नीरज परस्ते, कार्यपालन अभियंता पाटन नवनीत राठौर आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।