जबलपुर। पंचवटी भेड़ाघाट से भगवान शिव की आराधना और आस्था के साथ पंच दिवसीय 121 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी स्वयं कांवड़ लेकर शामिल हुए। धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को यात्रा का प्रमुख संदेश बनाया गया है।मंत्री लोधी ने कहा कि भगवान शिव की आराधना प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देती है। कांवड़ यात्रा के माध्यम से शिव भक्ति के साथ प्रकृति की सेवा और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके अलावा स्वच्छता टीम भी यात्रा के साथ चलेगी और श्रद्धालुओं को मार्ग में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगी।यात्रा में अमेरिका में करीब 15 वर्ष बिताने के बाद भारत लौटे आईआईटीयन सत्येंद्र लोधी भी विशेष रूप से शामिल हुए हैं। वे पूरी 121 किलोमीटर की यात्रा पैदल तय करेंगे। उनकी सहभागिता युवाओं को अपनी परंपराओं, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का संदेश दे रही है।पंचवटी भेड़ाघाट से शुरू हुई यात्रा ग्राम मजीठा, ग्राम पथरौल, पवई धाम और शहपुरा होते हुए पहले दिन पाटन पहुंचेगी। दूसरे दिन तेंदूखेड़ा, तीसरे दिन तेजगढ़ और चौथे दिन घांघरी होते हुए पांचवें दिन जबेरा विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर पहुंचेगी। यहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर 121 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा का समापन होगा।